Advertisment
Sakti

सक्ती मे शासकीय भूमि की अवैध खरीदी-बिक्री पर गोगपा का विरोध: कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, खसरा 1311 को कब्जा-मुक्त कराने की मांग, कार्रवाई नहीं हुई तो 3 जनवरी से अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

सक्ती जिले में शासकीय भूमि की कथित अवैध खरीद-फरोख्त को लेकर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी के जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा कीर्तिन सिंह मरावी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय सक्ती पहुंचकर ज्ञापन सौंपा और खसरा नंबर 1311 के समस्त बटांकों को तत्काल कब्जा-मुक्त कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि तय समय-सीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो 03 जनवरी 2026 से अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।

ज्ञापन में बताया गया कि खसरा नंबर 1311/1, 1311/2, 1311/3, 1311/4 एवं 1311/5, कुल रकबा लगभग 12 एकड़, पटवारी हल्का नंबर 10 सकरेली, तहसील बाराद्वार की भूमि शासन द्वारा नेशनल हाईवे के लिए अधिग्रहित की जा चुकी है। इसके बावजूद उक्त शासकीय भूमि की कथित रूप से खरीद-फरोख्त किए जाने का आरोप लगाते हुए इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही बताया गया है।

पार्टी का कहना है कि इस मामले में पूर्व में कई बार आवेदन दिए गए थे, जिस पर प्रशासन ने 22 दिसंबर 2025 तक कार्रवाई का आश्वासन दिया था। तय तिथि बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ने ज्ञापन में खसरा नंबर 1311 के समस्त बटांकों की खरीदी-बिक्री को शून्य घोषित करने, शासकीय भूमि की खरीद-फरोख्त में संलिप्त पटवारी, अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने, संबंधित विक्रेताओं-क्रेताओं व बिचौलियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा शासकीय भूमि को तत्काल कब्जा-मुक्त कराने की मांग रखी है।

आंदोलन की चेतावनी

पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि 26 दिसंबर 2025 तक प्रशासनिक स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो 03 जनवरी 2026 से कलेक्टोरेट के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना प्रारंभ किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री, पुलिस अधीक्षक, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को भी भेजी गई है।

Related Articles

Back to top button