
सक्ती मे बच्ची की बीमारी से परेशान माता-पिता ने की तीन माह की मासूम की हत्या: पानी से भरे ड्रम में मिला शव, दोनों विधि से संघर्षरत आरोपी गिरफ्तार
आधी रात को बिस्तर से गायब हुई थी बच्ची, सुबह घर के आंगन में ड्रम के अंदर मिला शव, पुलिस ने विधि से संघर्षरत माता-पिता को गिरफ्तार कर भेजा जेल
सक्ती जिले मे तीन माह की मासूम बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। बच्ची की हत्या के आरोप में उसके विधि से संघर्षरत माता-पिता को ही गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, बच्ची जन्म के बाद से ही अक्सर बीमार रहती थी। उसके इलाज और परिवार की आर्थिक परेशानियों के चलते माता-पिता तनाव में थे। इसी वजह से बच्ची की हत्या किए जाने की बात पुलिस जांच मे सामने आने की बात कही जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना 29 सितंबर की रात की है। परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे। रात करीब 2 बजे बच्ची के पिता ने परिजनों को बताया कि उनकी तीन माह की बेटी बिस्तर से गायब हो गई है। इसके बाद परिवार और आसपास के लोगों ने घर, आंगन तथा खेतों में बच्ची की तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
अगली सुबह करीब 7:30 बजे बच्ची की दादी पानी भरने के लिए आंगन में गईं। इस दौरान पानी के ड्रम को खाली करने के लिए देखने पर बच्ची उसके अंदर मृत अवस्था में मिली। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान बच्ची की हत्या के मामले में उसके माता-पिता की संलिप्तता सामने आई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में बच्ची की बीमारी और परिवार की आर्थिक परेशानियों को घटना के पीछे की संभावित वजह बताया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। बच्ची की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। बच्ची और उसके परिवार की पहचान विधि से संघर्षरत होने की वजह से गोपनीय रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार से उनकी पहचान सार्वजनिक न हो।