
सक्ती में ड्यूटी पर गया कर्मचारी रहस्यमय ढंग से लापता: RKM पावर प्लांट से घर नहीं लौटा, प्लांट के बाहर परिजनों का धरना, जांच में जुटी पुलिस
सक्ती जिले के थाना डभरा क्षेत्र में एक पावर प्लांट कर्मचारी के लापता होने का मामला सामने आया है। आरकेएम पावर प्लांट उच्चपिड़ा में कार्यरत 40 वर्षीय सुरेश कुमार टंडन के अचानक गुम हो जाने से परिवार और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
ड्यूटी पर गए, घर नहीं लौटे
जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार टंडन ग्राम पंचायत सारसकेला के निवासी हैं। वे 27 फरवरी 2026 की सुबह 5:48 बजे प्लांट में पंचिंग कर ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी समाप्त होने के बाद से वे घर नहीं लौटे हैं। उनके मोबाइल फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।

चौकी फगुरम में गुमशुदगी दर्ज
परिजनों ने चौकी फगुरम में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि प्लांट प्रबंधन को इस मामले में स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।

प्लांट गेट के सामने धरना
सुरेश टंडन के परिजन और ग्रामीण आरकेएम पावर प्लांट के मुख्य गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं। वे प्लांट प्रबंधन से सुरेश की जानकारी और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्लांट परिसर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हर पहलू से जांच कर सुरेश टंडन की तलाश की जा रही है।