Advertisment
Gaurela-Pendra-Marwahi

जमीन विवाद में महिला पर जानलेवा हमला: महुआ बीनने गई महिला को लाठी-डंडों से पीटा, आंख-कान में डाला मिर्च-नमक, पुलिस ने दर्ज किया मामला

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत कसईबहरा सधवानी गांव में जमीन विवाद के चलते एक महिला पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। महुआ बीनने गई महिला के साथ कथित तौर पर तीन महिलाओं ने लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता पूजा अपने खेत में महुआ बीन रही थी, तभी पुराने जमीन विवाद को लेकर गांव की ही पवरिया बाई, राजकुमारी बाई और कुसुम बाई वहां पहुंच गईं। विवाद बढ़ने पर तीनों ने गाली-गलौज करते हुए पूजा के साथ मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और हाथ-मुक्कों से हमला करने के साथ ही क्रूरता दिखाते हुए पीड़िता की आंखों, कान और नाक में मिर्च व नमक भी डाल दिया। घटना में पूजा के चेहरे, हाथ, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के दौरान उसके पति ने बीच-बचाव का प्रयास किया और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे पुलिस के लिए अहम साक्ष्य माना जा रहा है।

घटना के बाद घायल महिला ने गौरेला थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इधर, दूसरे पक्ष की ओर से भी दो महिलाओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button