
सक्ती मे हत्या के प्रयास का फरार आरोपी गिरफ्तार: पुलिस ने 3 हजार के इनामी स्थाई वारंटी को दबोचा, एक अन्य गंभीर मामले में भी कोर्ट से जारी था स्थाई गिरफ्तारी वारंट
सक्ती जिले मे हत्या के प्रयास और मारपीट के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के खिलाफ एक अन्य गंभीर मामले में भी न्यायालय से स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 280/2024 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। प्रार्थिया बनकुंवर पटेल निवासी परसदाखुर्द ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 जुलाई 2024 की सुबह आरोपी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार निवासी हरदा ने उसके घर के सामने बाइक खड़ी करने और चोरी की बात को लेकर विवाद शुरू किया। आरोप है कि आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर चोट पहुंचाई।

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी, लेकिन उसका ठिकाना नहीं मिल पा रहा था। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सक्ती को प्रतिवेदन भेजा गया, जिस पर आरोपी पर 3 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
हाल ही में आरोपी के अपने गांव हरदा में होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना को स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेन्द्र उर्फ भोलू सिदार के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज है। अपराध क्रमांक 306/2023 में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं के मामले में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश सक्ती के न्यायालय से उसके खिलाफ स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी था। पुलिस ने इस वारंट की भी तामिली की है।
पूरी कार्रवाई निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मिथुन सुल्तान, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन, आरक्षक यादराम चन्द्रा, महासिंह सिदार एवं थाना स्टाफ ने की।