
छत्तीसगढ़ मे चावल वाले बाबा पर रेप केस: दर्द का इलाज कराने पहुंची महिला से दुष्कर्म का आरोप, रायपुर के सिलयारी से गिरफ्तार; चावल और लाल फूल देखकर भविष्य बताने के नाम से था चर्चित
महासमुंद जिले मे खुद को ज्योतिषाचार्य बताने वाले और ‘चावल वाले बाबा’ या ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से पहचान रखने वाले नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। बागबाहरा थाना क्षेत्र की एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे रायपुर के सिलयारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने 6 मई को बागबाहरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला का आरोप है कि वह लंबे समय से शरीर में दर्द (बॉडी पेन) की समस्या से परेशान थी और उपचार व समाधान की उम्मीद में नरेंद्र नयन शास्त्री के संपर्क में आई थी। इसी दौरान आरोपी ने इलाज और राहत दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसके साथ बार-बार शारीरिक शोषण किया।

शिकायत की जांच के बाद बागबाहरा पुलिस ने आरोपी नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत FIR दर्ज की। इन धाराओं में दुष्कर्म, एक ही महिला से बार-बार दुष्कर्म और महिला की कमजोर या असहाय स्थिति का फायदा उठाकर दुष्कर्म करने जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।
पुलिस टीम मंगलवार को रायपुर पहुंची और सिलयारी क्षेत्र में स्थित आरोपी के निवास से नरेंद्र नयन शास्त्री को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए बागबाहरा लाई। बताया जा रहा है कि आरोपी मूल रूप से रायपुर के सिलयारी क्षेत्र का निवासी है और वहीं रहकर अपनी गतिविधियां संचालित करता था।

नरेंद्र नयन शास्त्री ग्रामीण इलाकों में कथावाचन, धार्मिक कार्यक्रम और ज्योतिषीय परामर्श के लिए जाना जाता था। वह चावल और लाल फूल देकर लोगों का भूत, भविष्य और वर्तमान बताने का दावा करता था, जिसके कारण वह ‘चावल वाले बाबा’ और ‘चाय वाले बाबा’ के नाम से चर्चित हो गया था।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही प्रकरण से जुड़ी अन्य जानकारियां सार्वजनिक की जाएंगी।

गौरतलब है कि हाल के वर्षों में छत्तीसगढ़ में धर्म और चमत्कार के नाम पर लोगों को गुमराह करने वाले कई कथित बाबाओं पर कार्रवाई हुई है। इससे पहले जांजगीर-चांपा जिले में एक कथित ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया गया था, वहीं डोंगरगढ़ में धर्म के नाम पर अश्लील गतिविधियों में शामिल एक पाखंडी बाबा के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की थी।