
अवैध स्क्रैप यार्ड पर पुलिस का छापा, 10 टन संदिग्ध लोहा कबाड़ जब्त: नेशनल हाईवे के किनारे संचालित यार्ड किया सीलबंद, कबाड़ के स्रोत की जांच कर रही पुलिस
महासमुंद जिले में अवैध कबाड़ कारोबार और संदिग्ध संपत्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित ग्राम सिरको के पास संचालित एक अवैध स्क्रैप यार्ड पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान करीब 10 टन (10 हजार किलोग्राम) संदिग्ध लोहा स्क्रैप जब्त किया गया। वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने पूरे यार्ड को मौके पर ही सीलबंद कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बसना थाना को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सिरको स्थित एक स्क्रैप यार्ड अवैध रूप से संचालित किया जा रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने यार्ड में दबिश दी।

मौके पर यार्ड संचालक तनवीर दानी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर भारी मात्रा में लोहे का कबाड़ बरामद हुआ। इसमें पुरानी मशीनें, पंप, साइकिल, मोटरसाइकिल के पार्ट्स, लोहे के एंगल, पाइप, पुराने टीन, कूलर, पंखे सहित अन्य कबाड़ सामग्री शामिल है।
जांच के दौरान पुलिस ने यार्ड संचालक से स्क्रैप से संबंधित वैध बिल, स्वामित्व दस्तावेज और व्यापार लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन वह कोई संतोषजनक दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत पूरी सामग्री जब्त कर स्क्रैप यार्ड को सीलबंद कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में थाना बसना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जब्त किए गए कबाड़ के स्रोत और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। कार्रवाई के बाद अवैध कबाड़ कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।