
सक्ती के 24 होनहार छात्रों ने किया एयरपोर्ट भ्रमण: फाइटर प्लेन और कॉकपिट का रोमांचक अनुभव लेकर बच्चों ने बढ़ाया ज्ञान, सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मिला अवसर
जिला प्रशासन सक्ती द्वारा विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से अनूठी पहल करते हुए जिले के 24 होनहार छात्र-छात्राओं को एयरपोर्ट भ्रमण कराया गया। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ वासु जैन के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान बच्चों को रायपुर स्थित स्वामी विवेकानंद विमानतल माना का दौरा कराया गया, जहां उन्होंने फाइटर प्लेन, कॉकपिट और एयरक्राफ्ट संचालन की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की।
जानकारी के अनुसार, विद्यार्थियों के चयन के लिए 13 मई को जिला स्तरीय सामान्य ज्ञान एवं एप्टीट्यूड टेस्ट आधारित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की गई थी। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 24 छात्र-छात्राओं का चयन एयरपोर्ट भ्रमण के लिए किया गया। 16 मई की सुबह जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सक्ती से सभी चयनित विद्यार्थियों को बस के माध्यम से रायपुर रवाना किया गया। जिला पंचायत सीईओ वासु जैन ने हरी झंडी दिखाकर बच्चों को रवाना किया।

एयरपोर्ट पहुंचने पर विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रवेश पास बनवाए गए और उन्हें विमानतल परिसर का भ्रमण कराया गया। इस दौरान फ्लाइंग ऑफिसर विवेक कुमार साहू, तकनीशियन श्री नेगी एवं श्री अर्जुन ने बच्चों को फाइटर प्लेन और सिविलियन एयरक्राफ्ट के बेसिक सिद्धांतों की जानकारी दी। उन्होंने विमान के विभिन्न हिस्सों, उसकी डिजाइन और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से समझाया।
भ्रमण का सबसे रोमांचक क्षण तब रहा जब बच्चों को विमान के कॉकपिट में बैठने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने रनवे पर विमानों की उड़ान और लैंडिंग को भी करीब से देखा। कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट और विमानन से जुड़ी सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें सही जवाब देने वाले बच्चों को उपहार देकर प्रोत्साहित किया गया।
जिला प्रशासन की इस पहल को विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सराहनीय बताया। भ्रमण के बाद बच्चों ने जिला प्रशासन, जिला पंचायत सक्ती और शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।