Advertisment
Bastar

छत्तीसगढ़ में बड़ा सड़क हादसा, VIDEO: रायपुर से जगदलपुर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर पलटी, महिला लेक्चरार की मौत, 22 से ज्यादा घायल

छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में सोमवार तड़के नेशनल हाईवे-30 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से जगदलपुर जा रही रॉयल ट्रैवल्स की यात्री बस बस्तर थाना क्षेत्र के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर मौत हो गई, जबकि 22 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 4 बजे हुआ। बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि बस्तर थाना क्षेत्र के पास चालक को अचानक झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे उतरकर पलट गई। घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे अचानक चीख-पुकार मच गई।

हादसे में मृत महिला की पहचान कवर्धा निवासी पद्मनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है। वे सुकमा जिले के दोरनापाल स्थित आत्मानंद स्कूल में लेक्चरार के पद पर पदस्थ थीं। दुर्घटना में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही बस्तर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।

Related Articles

Back to top button