Raipur

छत्तीसगढ़ में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक से मोबाइल लूट: मॉर्निंग वॉक के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, कांग्रेस ने कमिश्नरेट सिस्टम और कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हाई अलर्ट के बीच सोमवार सुबह बीजेपी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मोबाइल लूट की वारदात का शिकार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की है, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले कौशिक के हाथ से बाइक सवार बदमाश मोबाइल झपटकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, धरमलाल कौशिक सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाश तेजी से पहुंचे और उनके हाथ में मौजूद मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके। घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाशों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

कांग्रेस ने कमिश्नरेट सिस्टम पर उठाए सवाल

इधर घटना को लेकर कांग्रेस ने रायपुर कमिश्नरेट सिस्टम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि हाई अलर्ट के बावजूद राजधानी में इस तरह की वारदात होना कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कमिश्नरेट सिस्टम लागू होने के बाद अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हुई है और पुलिस केवल चालान काटने तक सीमित होकर रह गई है।

Related Articles

Back to top button