Advertisment
Raigarh

गोवा में रायगढ़ पुलिस की बड़ी रेड: IPL सीजन में 100 करोड़ से ज्यादा के लेनदेन के संकेत, 6 बड़े बुकी गिरफ्तार; रायगढ़, रायपुर, सक्ती से नागपुर तक फैला था सट्टा सिंडिकेट

रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवा से छह बड़े बुकी गिरफ्तार किए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित एक किराए के विला में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। पुलिस जांच में आईपीएल सीजन के दौरान 100 करोड़ रुपये से अधिक के हवाला लेनदेन के संकेत मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में अमित मित्तल, मोहित सोमानी, प्रकाश वाधवानी, आकाश मोटवानी, राहुल खंडेलवाल उर्फ बाबू और सुलभ खंडेलवाल उर्फ छोटा बाबू शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, मटका और डिजिटल बेटिंग आईडी के जरिए बड़े स्तर पर नेटवर्क संचालित कर रहे थे। आरोपियों द्वारा APK बेस्ड टीवी ऐप, कॉलिंग ऐप और ऑनलाइन बेटिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा संचालित किया जा रहा था।

पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी डिजिटल साक्ष्य मिटाने की कोशिश करने लगे। हालांकि टीम ने कार्रवाई करते हुए 10 मोबाइल फोन समेत कई डिजिटल साक्ष्य जब्त किए। जांच में “मन्नू नथानी” गैंग से जुड़े नेटवर्क और रायगढ़, रायपुर, सक्ती, नागपुर समेत कई शहरों तक फैले सट्टा कारोबार का खुलासा हुआ है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ऊपर से बेटिंग आईडी लेकर नीचे एजेंटों और प्लेयर्स तक पहुंचाते थे तथा कमीशन के आधार पर पूरा नेटवर्क संचालित करते थे। पूछताछ में हवाला के जरिए रकम ट्रांसफर करने और नोटों के सीरियल नंबर के आधार पर लेनदेन किए जाने के भी सबूत मिले हैं।

फिलहाल पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन सट्टा और संगठित अपराध के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button