Sakti

इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा और दुष्कर्म: सोशल मीडिया के जरिए हुई पहचान, युवती को सुनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म का आरोप, फरार आरोपी गिरफ्तार

सक्ती जिले मे इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से संपर्क कर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था, जिसे साइबर सेल की सहायता से पकड़ने में पुलिस को सफलता मिली। मामला मालखरौदा थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 25 मई 2026 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान इंस्टाग्राम के जरिए राकेश टंडन (26 वर्ष), निवासी थेम्हापारा, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर से हुई थी। आरोपी ने उसे शादी करने का भरोसा दिलाया और 11 मई को मिशन चौक बुलाया। आरोप है कि वहां से मोटरसाइकिल में बैठाकर सुनसान स्थान ले जाकर जान से मारने की धमकी देते हुए उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे बिलासपुर ले गया और रास्ते में उसकी मोबाइल सिम तोड़ दी। इसके बाद उसे गोंदिया होते हुए महाराष्ट्र के कराड-मलकापुर क्षेत्र में एक घर में रखा गया, जहां परिवार वालों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण किया गया।

मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 198/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा के निर्देशन में आरोपी की तलाश तेज की गई।

जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। इसके बाद साइबर सेल की मदद से पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर 29 मई को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण राजपूत के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button