Advertisment
Sakti

सक्ती में सीलपैक शराब बोतल में मिला कीड़ा, VIDEO: लोग बोले- पैकेजिंग और निगरानी व्यवस्था की जांच की जाए, 10 दिनों में दूसरा मामला

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में देसी शराब दुकान से खरीदी गई सीलपैक शराब की बोतल में कीड़ा मिला है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने पैकेजिंग और निगरानी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है। 10 दिनों में यह दूसरा मामला है।

इससे पहले बालोद के तांदुला डैम के पास स्थित देसी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की शराब की बोतल में कांच के टुकड़े मिले थे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इस मामले में आबकारी विभाग ने जांच का आश्वासन दिया था।

दरअसल, डभरा स्थित शासकीय देशी शराब दुकान से गुरुवार को एक व्यक्ति ने प्लेन ब्रांड का पौवा खरीदा था। पीने के लिए जब उसने बोतल खोली, तो उसमें कीड़ा नजर आया। इसके बाद उसने इसकी शिकायत दुकान के सेल्समेन से की। बाद में इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।

जो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ बोतल के अंदर कीड़ा दिखाई दे रहा है। वहीं, मामला सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि सरकारी माध्यम से बेची जाने वाली शराब में गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए। उपभोक्ताओं की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए उत्पादों की नियमित जांच जरूरी है।

जानकारों के अनुसार, पैक उत्पादों में अशुद्धि मिलने के पीछे पैकेजिंग प्रक्रिया में लापरवाही, भंडारण में कमी या अन्य तकनीकी कारण हो सकते हैं। हालांकि, केवल वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। संबंधित बोतल की वैज्ञानिक जांच और विभागीय परीक्षण के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

लोगों ने आबकारी विभाग से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इस संबंध में डभरा आबकारी वृत्त प्रभारी कोमल सिदार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

Related Articles

Back to top button