Surajpur

मुआवजे के लालच में बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट: खाना खुद निकालने की बात पर भड़का आरोपी, लोढ़ा से किया हमला, आरोपी बेटा गिरफ्तार

सूरजपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कलयुगी बेटे ने मुआवजे की रकम और घरेलू विवाद के चलते अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने मसाला पीसने वाले लोढ़ा से मां के सिर पर ताबड़तोड़ वार किया, जिससे गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गजाधरपुर की है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 50 वर्षीय फलेन बाई के रूप में हुई है, जो अपने बेटे डिगम्बर चेरवा के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि डिगम्बर के पिता की पूर्व में कुएं में गिरने से मौत हो गई थी, जिसके बाद शासन से मुआवजे की राशि मिली थी। आरोपी बेटा लगातार उस रकम में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन उसकी मां पैसे देने से इनकार कर रही थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।

बेटे ने मां को उतारा मौत के घाट

घटना वाले दिन भी डिगम्बर ने अपनी मां से खाना मांगा। इस पर फलेन बाई ने उसे खुद निकालकर खाने की बात कही। मामूली बात पर आरोपी आपा खो बैठा और घर में रखे लोढ़ा से मां के सिर पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल अंबिकापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही लटोरी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी डिगम्बर चेरवा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी बेटे को किया गिरफ्तार

एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि आरोपी अपनी मां से मुआवजे की राशि को लेकर नाराज रहता था। घटना के दिन खाना मांगने पर हुए विवाद के बाद उसने हमला कर दिया। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button