Advertisment
Surajpur

Suarjpur Kidnapping News: ड्राइवर ने महिला को बनाया निशाना, 22 लाख की फिरौती मांगी, घर में अकेली महिला को बांधकर ले गए आरोपी, घायल हालत में छोड़कर फरार, 2 गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार

सूरजपुर जिले में अपहरण का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर में अकेली महिला को उसके ही पूर्व ड्राइवर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अगवा कर लिया और 22 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। पुलिस की तत्पर कार्रवाई से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र की 58 वर्षीय महिला, जो एक सेवानिवृत्त एसईसीएल कर्मचारी की पत्नी हैं, घटना के समय घर में अकेली थीं। उनके पति किसी काम से अंबिकापुर गए हुए थे। इसी दौरान महिला के यहां पहले 18 महीनों तक ड्राइवर का काम कर चुका रौशन देवांगन अपने साथी शेख इशु और एक अन्य के साथ घर पहुंचा।

आरोपियों ने पहले महिला से सामान्य बातचीत की और फिर पानी मांगा। इसी बीच उन्होंने महिला की आंख और मुंह टेप से बंद कर दिए तथा हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर डुमरिया स्थित रौशन देवांगन की टायर पंचर दुकान ले जाया गया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला का मोबाइल लेकर ग्राम रुनियाडिह पहुंचे और महिला के पति से 22 लाख रुपए की फिरौती की मांग की। इसके बाद मोबाइल बंद कर दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए इलाके में पेट्रोलिंग और खोजबीन शुरू कर दी।

पुलिस की दबिश से घबराकर आरोपियों ने महिला को घायल अवस्था में बायपास रोड पर छोड़ दिया और सबूत मिटाने के लिए अपहरण में इस्तेमाल कंबल, टेप और रस्सी को जला दिया। महिला किसी तरह एक घर पहुंची और घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घर में काम करने वाले व्यक्तियों या अनजान लोगों को आर्थिक स्थिति की जानकारी साझा न करें और आपात स्थिति के लिए अपने मोबाइल में पुलिस के डायल नंबर अवश्य सेव रखें।

Back to top button