Advertisment
Janjgir-Champa

अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह का खुलासा: पुलिस की सटीक घेराबंदी में 5 आरोपी गिरफ्तार; 15 भैंस, लाखों की नकदी और 3 पिकअप वाहन जब्त

जांजगीर-चांपा जिले की शिवरीनारायण पुलिस ने अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 नग भैंस, 2 लाख 25 हजार रूपए नकद तथा परिवहन में प्रयुक्त 3 पिकअप वाहन कीमत लगभग 18 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, 3 मई 2026 को सुबह करीब 5 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि 3 पिकअप वाहनों में भैंसों को तस्करी कर उड़ीसा के बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना शिवरीनारायण पुलिस ने राघव इन होटल के सामने मेन रोड पर घेराबंदी कर पिकअप क्रमांक CG04QU9122, OD26F4334 और OD17T8523 को रोका।

वाहनों की जांच करने पर प्रत्येक पिकअप में 5-5 भैंस, कुल 15 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर रस्सियों से बांधकर क्रूरता पूर्वक ले जाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपियों ने मवेशी तस्करी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश ऐडजा (26) निवासी गोडमुडा बरगढ़, राजेश मांझी (26) निवासी खरामल बरगढ़, निरंजन कोलारी (25) निवासी टेमरी बरगढ़, रूपेश कुमार (20) निवासी डुरकी छड़ा बरगढ़ उड़ीसा और प्रकाश राणा (32) निवासी सोडा जिला बरगढ़ उड़ीसा शामिल हैं।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रआर तारिकेश पाण्डेय, मोहन साहू, आरक्षक खुरेन्द्र शुक्ला, नितीन द्विवेदी, रामकुमार कश्यप के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता राजेश केशरवानी उर्फ सूरज, सूरज यादव एवं सुदर्शन मानिकपुरी का सराहनीय योगदान रहा।

Back to top button