
जांजगीर-चांपा मे भीषण सड़क हादसा: कोरबा से सरायपाली जा रही तेज रफ्तार यात्री बस पलटी, 10 घायल, दो की हालत गंभीर, चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करनौद में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में महिला, पुरुष और बच्चों सहित 10 यात्री घायल हो गए, जबकि अन्य यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, कोरबा से सरायपाली जा रही राजधानी बस सुबह करीब 8:30 बजे करनौद के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई यात्री खड़े होकर सफर कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही दूसरी बस को ओवरटेक करने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे बस करीब 50 मीटर तक तीन पहियों पर चलने के बाद पलट गई।

हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। बस के शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया और स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलने पर बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह में भर्ती कराया गया।

घायलों में से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल जांजगीर रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।