
Janjgir Champa Fake Baba Arrest: इलाज के बहाने महिला से दुष्कर्म, अश्लील फोटो खींचकर किया ब्लैकमेल, फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर किया वायरल, आरोपी हिमाचल से गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक ढोंगी बाबा द्वारा महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी निर्मल बाबा (60), जो महाराष्ट्र के नासिक का रहने वाला है, को पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला से गिरफ्तार किया है।
पीड़िता ने 11 अप्रैल 2026 को पामगढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि चैत्र नवरात्रि के दौरान आरोपी क्षेत्र में पदयात्रा करते हुए आया था और खुद को चमत्कारी बताकर लोगों का इलाज करने का दावा करता था। शरीर में दर्द की समस्या के चलते पीड़िता अपनी सहेली के साथ उसके पास पहुंची, जहां आरोपी ने उसे ठीक करने का झांसा देकर भरोसे में लिया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया।

आरोप है कि 26 मार्च को आरोपी ने पीड़िता को बुलाकर प्रसाद दिया और अपने प्रभाव में ले लिया। इसके बाद वह उसे बिलासपुर होते हुए मध्यप्रदेश के मैहर ले गया, जहां एक होटल में ठहराकर इलाज के नाम पर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो खींच ली। 1 अप्रैल को आरोपी उसे बिलासपुर में छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद भी आरोपी ने पीड़िता को फोन कर परेशान किया। नंबर ब्लॉक करने पर उसने पीड़िता के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील तस्वीरें पोस्ट कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। ASP उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर धर्मशाला में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।