
Korba Murder Case: पत्नी की हत्या कर सिर धड़ से अलग किया, कटा सिर लेकर गांव में घूमता रहा आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के रजगामार चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बुंदेली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने चरित्र शंका के चलते अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान सालिक राम यादव के रूप में हुई है, जिसने घरेलू विवाद के बाद इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने पत्नी की हत्या कर दी। घटना के समय घर में बच्चे भी मौजूद बताए जा रहे हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

हत्या के बाद आरोपी ने शव का सिर धड़ से अलग कर दिया और कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस दृश्य को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

