Korba

कोरबा मे रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव: चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर करना पड़ा भारी, खंभे से टकराने की आशंका, उरगा पुलिस व RPF जांच में जुटी

कोरबा जिले मे शनिवार सुबह रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन के गेट पर खड़ा था और संतुलन बिगड़ने पर रेलवे खंभे से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वारानी केबिन के पास की है।

पुलिस के अनुसार, घटना देर रात की बताई जा रही है। मड़वारानी केबिन के समीप रेलवे ट्रैक किनारे युवक का शव पड़ा मिला, जो रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

प्राथमिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि युवक किसी यात्री ट्रेन में सफर कर रहा था और गेट पर खड़ा होने के दौरान हादसे का शिकार हो गया। संतुलन बिगड़ने पर वह खंभे से टकराया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

मृतक की उम्र लगभग 24 वर्ष आंकी जा रही है। उसने ब्लैक लोअर, टी-शर्ट और जूते पहन रखे थे। हालांकि उसके पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से भी फोटो साझा कर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पहचान होने के बाद ही युवक के बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अक्सर भीड़ या गर्मी के कारण यात्री ट्रेन के गेट पर खड़े होकर सफर करते हैं, जिससे इस तरह के हादसे होने की आशंका बनी रहती है।

Related Articles

Back to top button