
Korba Wall Collapse Accident: कुसमुंडा में आंधी-तूफान के बीच बड़ा हादसा: निर्माणाधीन मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबा परिवार, तीनों गंभीर
कोरबा जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात तेज आंधी-तूफान और बारिश के बीच एक बड़ा हादसा हो गया। प्रेम नगर (कपाटमुडा रोड) में निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार अचानक गिर गई, जो पास के एक घर पर आ गिरी। हादसे के वक्त घर के अंदर सो रहे पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा मलबे में दब गए। तीनों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, संतोष वर्मा द्वारा बनवाए जा रहे मकान की ऊपरी दीवार तेज हवा और बारिश के दबाव में भरभराकर गिर गई। दीवार सीधे पड़ोसी अजय धनवार के मकान की छत पर गिरी, जिससे छप्पर टूट गया और भारी मात्रा में ईंटें घर के भीतर जा गिरीं। उस समय अजय धनवार, उनकी पत्नी और बच्चा सो रहे थे, जो मलबे में दब गए।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कोरबा के अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में घर के भीतर रखा स्कूटर, बर्तन, कपड़े और अन्य घरेलू सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर अभी भी मलबा फैला हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

इधर, मौसम विभाग ने भी प्रदेश में मौसम के मिजाज को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार, यूपी से ओडिशा तक सक्रिय ट्रफ लाइन के कारण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

हालांकि मौसम में इस बदलाव के बावजूद गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं। प्रदेश में कई जगहों पर लू की स्थिति बनी हुई है। रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग में अगले दो दिनों के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

