Korba

सर्वमंगला मंदिर दर्शन को लेकर पति-पत्नी में विवाद: शराब के नशे में पति ने बेलचा-ईंट से किया जानलेवा हमला, गंभीर हालत में पत्नी अस्पताल में भर्ती, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा जिले में सर्वमंगला मंदिर दर्शन को लेकर हुए घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी पर बेलचा, ईंट और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला दीपका थाना क्षेत्र के बसंतपुर का है।

पुलिस के अनुसार, घटना 8 मई की रात करीब 9 बजे की है। 25 वर्षीय आशा यादव दिन में अपनी ननद पूर्णिमा और पुष्पा के साथ सर्वमंगला मंदिर दर्शन करने गई थी। रात में घर लौटने पर उसका पति अभिजीत यादव शराब के नशे में घर पहुंचा और इसी बात को लेकर विवाद शुरू कर दिया।

विवाद बढ़ने पर आरोपी ने घर में रखे बेलचे से पत्नी के सिर पर दो बार वार कर दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। इसके बाद आरोपी ने उसे घर से बाहर सड़क तक घसीटा और वहां पड़े डंडे व ईंट से पीठ और सिर पर कई वार किए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसका गला दबाकर जान से मारने की भी कोशिश की।

आशा यादव के मुताबिक, आरोपी लगातार गाली-गलौज करते हुए उसे मायके चले जाने और जान से मार देने की धमकी देता रहा। मारपीट के बाद आरोपी उसे मरा समझकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद घायल महिला को होश 9 मई की शाम करीब 4 बजे आया। इसके बाद उसने परिजनों को पूरी घटना बताई और रात 8:25 बजे दीपका थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

दीपका पुलिस ने आरोपी अभिजीत यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं घायल महिला का इलाज कोरबा के एक निजी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button