Advertisment
Korba

Korba Officers Liquor Party: सरकारी गेस्ट हाउस में DSPM प्लांट के अफसर शराब पार्टी करते पकड़ाएं, मंत्री ने दिए कार्रवाई के निर्देश

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरकारी गेस्ट हाउस में अधिकारियों की शराब पार्टी का मामला सामने आया है। DSPM प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट समेत पांच अधिकारी कथित तौर पर शराब पीते हुए पकड़े गए। घटना के वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसके बाद मंत्री लखनलाल देवांगन ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, यह मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित वीआईपी गेस्ट हाउस का है। शनिवार को यहां पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के दौरे के दौरान उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी भी मौजूद थे।

इसी दौरान कार्यकर्ताओं को गेस्ट हाउस के एक कमरे से तेज आवाज और सिगरेट का धुआं निकलता दिखाई दिया। शक होने पर जानकारी मंत्री तक पहुंचाई गई। जब कमरे की जांच की गई तो वहां DSPM प्लांट के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत पांच अधिकारी शराब पार्टी करते मिले।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कमरे में धुआं भरा हुआ था और मौके से बीयर व शराब की बोतलें भी बरामद हुईं। इसके अलावा गेस्ट हाउस के किचन में रखे फ्रीजर से भी शराब की कई बोतलें मिलने की बात सामने आई है।

सूचना मिलते ही मंत्री लखनलाल देवांगन ने कंपनी के प्रबंध निदेशक (MD) एसके कटियार से फोन पर बात कर मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकारी परिसर में इस तरह की गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।

वहीं, एमडी ने मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। बताया जा रहा है कि गेस्ट हाउस के इंचार्ज स्वयं गोवर्धन सिदार हैं।

Related Articles

Back to top button