Advertisment
Sakti

सक्ती के शनि मंदिर में चोरी का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी मॉनिटर सहित चोरी का सामान बरामद

सक्ती जिले मे पुलिस ने गणेशबंध तालाब स्थित शनि मंदिर में हुई चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(4), 305(ए) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार, गणेशबंध तालाब स्थित शनि मंदिर के पुजारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जुलाई 2026 की सुबह मंदिर खोलने पर सीसीटीवी मॉनिटर, कांसे की थालियां, दानपात्र में रखे सिक्के, नगद राशि और पूजा सामग्री सहित करीब 8 हजार 200 मूल्य का सामान चोरी हो गया था। जांच में पता चला कि चोर मंदिर के हवनकुंड के ऊपर धुआं निकलने के लिए बनी खिड़की का टीन हटाकर अंदर घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के निर्देशन में थाना सक्ती पुलिस ने जांच शुरू की। संदेह के आधार पर अरमान खान उर्फ छोटू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने साथी दिलीप कुमार यादव के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों की पहचान पहले जेल में हुई थी। पैसों की जरूरत होने पर उन्होंने मंदिर में चोरी की योजना बनाई। घटना के दौरान अरमान खान मंदिर के भीतर घुसकर सीसीटीवी मॉनिटर, नगदी, सिक्के और अन्य सामान चोरी कर ले गया, जबकि दिलीप कुमार यादव बाहर निगरानी करता रहा। चोरी की गई नगद राशि दोनों ने शराब पीने और अन्य खर्चों में खर्च कर दी।

पुलिस ने आरोपी अरमान खान उर्फ छोटू (23 वर्ष), निवासी बुधवारी बाजार, सक्ती की निशानदेही पर चोरी गया मशरूका बरामद कर जब्त किया। इसके बाद दिलीप कुमार यादव (32 वर्ष), निवासी ग्राम कांसा, थाना डभरा को भी गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को 29 जुलाई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना अभी जारी है और अन्य आवश्यक साक्ष्य और गवाहों के बयान संकलित किए जा रहे हैं। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि घर या प्रतिष्ठान से बाहर जाते समय पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Back to top button