Advertisment
Gariaband

गरियाबंद में चार घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन: बाढ़ में फंसे परिवार के 5 सदस्य सुरक्षित निकाले, 300 गायें अब भी पानी में घिरीं

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नगर सेना ने देर रात चार घंटे तक चले चुनौतीपूर्ण रेस्क्यू ऑपरेशन में बाढ़ के पानी से घिरे एक परिवार के पांच सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, संकट अभी पूरी तरह टला नहीं है। सुहागपुर गौठान में करीब 300 गायें अब भी बाढ़ के पानी के बीच फंसी हुई हैं, जिन्हें सुरक्षित निकालने के लिए जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

जानकारी के अनुसार, सुहागपुर गांव स्थित गौठान में दोपहर से एक परिवार बाढ़ के पानी के बीच फंसा हुआ था। शाम करीब पांच बजे इसकी सूचना जिला प्रशासन और नगर सेना को मिली। पानी का स्तर इतना अधिक था कि गौठान तक पैदल पहुंचना संभव नहीं था। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू बोट मंगाकर बचाव अभियान शुरू किया गया।

देर शाम शुरू हुआ यह अभियान अंधेरे और तेज बहाव के बीच करीब चार घंटे तक चला। नगर सेना के जवानों ने आधे किलोमीटर से अधिक दूरी नाव से तय की। अभियान के दौरान कई बार रेस्क्यू बोट बीच रास्ते में बंद हो गई, लेकिन दूसरी ओर मौजूद जवानों ने टॉर्च की रोशनी से रास्ता दिखाकर अभियान जारी रखा। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने परिवार के पांचों सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू किए गए लोगों में 5 वर्ष, 3 वर्ष और 2 वर्ष के तीन मासूम बच्चे भी शामिल थे।

परिवार के सुरक्षित बाहर आते ही मौके पर मौजूद लोगों ने “जय बजरंगबली” के जयकारे लगाए। लंबे समय तक बाढ़ के बीच फंसे रहने के बाद परिवार के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी। बताया जा रहा है कि यह गरियाबंद जिले के इतिहास का पहला देर रात सफल फ्लड रेस्क्यू ऑपरेशन है, जिसे नगर सेना की टीम ने अंजाम दिया। पूरे अभियान के दौरान थाना प्रभारी, तहसीलदार तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लगातार निगरानी करते रहे।

इधर, सुहागपुर गौठान में करीब 300 गायें अब भी बाढ़ के पानी से घिरी हुई हैं। लगातार बारिश के कारण गौठान पूरी तरह जलमग्न है। यदि बारिश जारी रही और जलस्तर बढ़ा, तो मवेशियों के लिए खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यदि सुबह तक पानी नहीं घटा, तो नगर सेना और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर गायों को सुरक्षित निकालने का प्रयास करेगी।

Back to top button