
शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म: सक्ती पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजा
सक्ती पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है। मामले में थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69 के अंतर्गत अपराध दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पहले थाना सिविल लाइन, बिलासपुर में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि विशाल वर्मा ने विवाह का झांसा देकर और विश्वास में लेकर थाना सक्ती क्षेत्र स्थित एक लॉज में उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना का स्थान सक्ती थाना क्षेत्र में होने के कारण केस डायरी थाना सक्ती को प्राप्त हुई, जिसके बाद मामले की विवेचना शुरू की गई।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. भुवनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में थाना सक्ती पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी विशाल वर्मा (28 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 7, मस्जिद के पीछे, सक्ती को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कीपैड मोबाइल फोन बरामद कर विधिवत जब्त किया। आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।