Surajpur

Surajpur Mob Punishment Case: युवक को ‘तालीबानी सजा’, अर्ध मुंडन कर चप्पल की माला पहनाकर गांव में घुमाया, जांच जारी, देखिए वीडियो

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में एक युवक को कथित चोरी के आरोप में अमानवीय तरीके से सजा देने का मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के पस्ता गांव में ग्रामीणों ने युवक का अर्ध मुंडन कर गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई और मारपीट करते हुए उसे उसकी पत्नी के साथ पूरे गांव में घुमाया। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और चर्चा का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी मोहम्मद रहमान ताज पर पस्ता गांव के कुछ ग्रामीणों ने सोलर पैनल सिस्टम के तार चोरी करने का आरोप लगाया था। इस मामले में समझौते के लिए सरपंच पति और ग्रामीणों ने युवक को गांव बुलाया। युवक अपनी पत्नी के साथ पस्ता गांव पहुंचा, जहां कथित तौर पर ग्रामीणों ने उसके साथ मारपीट की।

आरोप है कि इसके बाद युवक का आधा सिर मुंडवा दिया गया और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया गया। इतना ही नहीं, उसकी पत्नी को भी साथ में अपमानित करते हुए गांव में घुमाया गया। घटना के बाद पीड़ित युवक और उसके परिजन थाने पहुंचे और इसे झूठे आरोप में दी गई ‘तालीबानी सजा’ बताते हुए शिकायत दर्ज कराई।

वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक चोरी की नीयत से गांव गया था, जिसे ग्रामीणों ने देख लिया था। अगले दिन युवक अपने परिजनों के साथ गांव पहुंचा, जहां नाराज ग्रामीणों ने यह कृत्य किया। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

इस घटना में सरपंच पति का भी बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने ग्रामीणों की नाराजगी के चलते घटना होने की बात कही, हालांकि खुद को केवल मौके पर मौजूद दर्शक बताया है।

फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। यह घटना कानून व्यवस्था और भीड़ द्वारा दी जाने वाली सजा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

Back to top button