
सक्ती पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त, ट्रेलर समेत 2 करोड़ 6 लाख रुपये की संपत्ति जप्त; राजस्थान का युवक और एक नाबालिग गिरफ्तार
सक्ती जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सक्ती पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से राजस्थान ले जाए जा रहे 208.965 किलोग्राम गांजा को जब्त किया है। चौकी फगुरम और थाना डभरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में राजस्थान निवासी एक युवक और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा, ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर और मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता के मार्गदर्शन में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को 17 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रेलर में अवैध गांजा भरकर उड़ीसा से चंद्रपुर, फगुरम और खरसिया मार्ग होते हुए राजस्थान ले जाया जा रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए ग्राम बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के सामने खरसिया-डभरा मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी की। इस दौरान संदिग्ध टाटा सिगना ट्रेलर क्रमांक RJ09GC 5216 को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रेलर से 8 प्लास्टिक बोरियों में रखे 40 पैकेट गांजा बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट लगभग 5 किलोग्राम का था। कुल बरामद गांजा का वजन 208.965 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 करोड़ 44 लाख 48 हजार 250 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर, जिसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये, ट्रेलर में भरा फ्लोर्सपार पाउडर जिसकी कीमत 21 लाख 42 हजार 210 रुपये, तथा आरोपियों के कब्जे से मिले वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य 1 करोड़ 66 लाख 20 हजार 460 रुपये आंका गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा गांजा परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद पुलिस ने राजस्थान के अजमेर जिले के थाना जेवाजा क्षेत्र निवासी अर्पित सिंह (20 वर्ष), पिता रमेश सिंह और एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ अपराध क्रमांक 219/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को पकड़ने के लिए जिले में लगातार 26 घंटे तक बैरिकेडिंग लगाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उप निरीक्षक हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर सहित साइबर सेल और पुलिस बल के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।