
सक्ती रेलवे स्टेशन पर 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत: बैग से 60 हजार रुपए, मोबाइल और दस्तावेजों से भरा पर्स गायब, जीआरपी जांच में जुटी
सक्ती जिले के ग्राम पंचायत सोठी निवासी 29 वर्षीय हेमंत साहू की सक्ती रेलवे स्टेशन परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों के अनुसार, घटना के बाद उसके पास मौजूद 60 हजार रुपए नगद, मोबाइल फोन और पैन कार्ड-आधार कार्ड सहित पर्स गायब मिला है। युवक की मौत और सामान गायब होने से पूरे मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। रायगढ़ जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिता स्टेशन छोड़कर लौटे थे घर
जानकारी के अनुसार, हेमंत साहू के पिता एवं अधिवक्ता खिलेश्वर साहू अपने बेटे को सक्ती रेलवे स्टेशन छोड़ने आए थे। इसके बाद वे वापस घर लौट गए। सुबह करीब 10 बजे परिजनों को सूचना मिली कि हेमंत की रेलवे स्टेशन परिसर में मौत हो गई है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते स्टेशन पहुंचे, जहां जीआरपी की टीम पहले से मौजूद थी।

ओवरब्रिज के पास मौत की आशंका
परिजनों के मुताबिक, आशंका है कि हेमंत की मौत स्टेशन के ओवरब्रिज के ऊपर सुबह 6 से 7 बजे के बीच हुई होगी। हालांकि, परिजनों को इसकी सूचना करीब 10 बजे दी गई। मौत किस परिस्थिति में हुई, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
60 हजार रुपए और मोबाइल-पर्स गायब
मृतक के पिता खिलेश्वर साहू ने बताया कि हेमंत के बैग में करीब 60 हजार रुपए नगद थे। इसके अलावा उसका मोबाइल फोन और पर्स भी गायब है। पर्स में आधार कार्ड और पैन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बताए गए हैं। घटना के बाद स्टेशन परिसर से सामान गायब होने की बात सामने आने से परिजन इसे लेकर चिंतित हैं और मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
रायगढ़ जीआरपी ने शव का पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, गायब नगदी, मोबाइल और दस्तावेजों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस स्टेशन परिसर में मौजूद परिस्थितियों और अन्य संभावित पहलुओं की जांच में जुटी है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी रेलवे स्टेशन पहुंच गए। युवक की अचानक मौत से ग्राम सोठी में शोक का माहौल है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हेमंत की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके पास मौजूद सामान आखिर कहां गया।