
सक्ती में न्यायाधीशों को भावभीनी विदाई: अधिवक्ता संघ ने किया सम्मान, बड़ी संख्या में जुटे वकील, गंगा पटेल और दिव्या गोयल को स्मृति चिन्ह देकर दी शुभकामनाएं
सक्ती जिले मे जिला अधिवक्ता संघ सक्ती द्वारा स्थानांतरित न्यायाधीशों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विशेष न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल एवं कनिष्ठ न्यायाधीश दिव्या गोयल को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं की उपस्थिति रही, जिससे समारोह भावुक और यादगार बन गया।
समारोह के शुभारंभ में मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया। वरिष्ठ न्यायाधीश श्रीमती लीना अग्रवाल ने अधिवक्ता संघ के आयोजन की सराहना करते हुए दोनों न्यायाधीशों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि वे नई पदस्थापना पर भी न्यायदान की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

विशेष न्यायाधीश श्रीमती गंगा पटेल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सक्ती में अधिवक्ता संघ का सहयोग और पारिवारिक वातावरण हमेशा स्मरणीय रहेगा। वहीं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सुश्री शुभदा गोयल ने दिव्या गोयल को अपनी छोटी बहन बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और गंगा पटेल के साथ बिताए पलों को याद किया।
कनिष्ठ न्यायाधीश दिव्या गोयल ने भी सक्ती में बिताए समय को सुखद बताते हुए कहा कि यहां मिले स्नेह और सहयोग से उन्हें नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में ऊर्जा मिलेगी। कार्यक्रम प्रभारी एवं चुनाव अधिकारी अधिवक्ता गनी मोहम्मद ने कहा कि विदाई रिश्तों का अंत नहीं, बल्कि नए सफर की शुरुआत होती है। वहीं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने काव्यात्मक अंदाज में विदाई को भावुक और यादगार बना दिया।

अंत में प्रभारी सचिव सुरीत चंद्रा ने आभार व्यक्त किया। अधिवक्ता अरविंद भारद्वाज और दादू चंद्रा द्वारा प्रस्तुत विदाई गीत ने माहौल को भावुक कर दिया। समारोह में अधिवक्ता संघ के पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों ने दोनों न्यायाधीशों को छत्तीसगढ़ी संस्कृति के प्रतीक कांस्य स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।