Sakti

सक्ती मे दिव्यांग शिक्षक की बेरहमी से हत्या: ट्राइसाइकिल समेत शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश, 7 लाख के जमीन विवाद में वारदात, आरोपी फरार

सक्ती जिले में दिव्यांग शिक्षक देवानंद भारद्वाज (42) की नृशंस हत्या कर शव को ट्राइसाइकिल समेत जलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जमीन और पैसों के विवाद में हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आरोपी टीमन लाल मनहर घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जर्वे की है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब 5 बजे गांव में पान दुकान के पास शिक्षक और आरोपी के बीच जमीन के सौदे को लेकर विवाद हुआ। देवानंद ने आरोपी से या तो जमीन की रजिस्ट्री कराने या फिर रकम लौटाने की बात कही। इसी दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने टंगिया से गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक देवानंद भारद्वाज

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच करीब 7 लाख रुपए में जमीन का सौदा हुआ था, जिसमें से देवानंद लगभग 6 लाख 90 हजार रुपए चुका चुके थे। इसके बावजूद आरोपी रजिस्ट्री करने में टालमटोल कर रहा था, जिससे विवाद लगातार बढ़ रहा था।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को ट्राइसाइकिल सहित अपने घर की बाड़ी में ले जाकर आग के हवाले कर दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद जैजैपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। जले हुए स्थल से सैंपल लेकर जांच की जा रही है कि आग किस माध्यम से लगाई गई थी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

मृतक देवानंद भारद्वाज दोनों पैरों से दिव्यांग थे, इसके बावजूद उन्होंने शिक्षक के रूप में समाज में अपनी पहचान बनाई थी। वे अपने पीछे 10 वर्षीय बेटी डिंपल और 4 वर्षीय बेटा दिव्यांश को छोड़ गए हैं। उनके बड़े भाई ने बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की बात कही है।

इधर, आरोपी की पत्नी पहले ही उसे छोड़ चुकी है और वह अक्सर जम्मू-कश्मीर काम करने जाता था। घटना से तीन दिन पहले ही वह गांव लौटा था। फिलहाल पुलिस ने अपराध क्रमांक 86/26 धारा 103, 238 BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button