Sakti

सक्ती बस स्टैंड में पुलिस की रेड कार्रवाई: बिरयानी सेंटर से 495 ग्राम गांजा बरामद, NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती जिले मे पुलिस ने बस स्टैंड स्थित एक बिरयानी सेंटर में छापामार कार्रवाई करते हुए 495 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में सक्ती पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया था।

12 फरवरी 2026 को विश्वसनीय सूचना मिली कि बस स्टैंड सक्ती स्थित ‘राजा बिरयानी सेंटर’ में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखा गया है। सूचना के आधार पर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।

तलाशी के दौरान संदेही मुन्ना लहरे (46 वर्ष) निवासी टेलीफोन टॉवर के पास, सक्ती के कब्जे से दुकान के भीतर बिस्तर के नीचे रखे एक थैले में पन्नी के अंदर 495 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आरोपी से गांजा रखने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैधानिक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और लिखित में स्वीकार किया कि उसके पास कोई अनुमति नहीं है।

पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर आरोपी को धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। बाद में उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

Related Articles

Back to top button