Sakti

पीडीएस दुकान में धांधली, ग्रामीणों में आक्रोश: मुफ्त चावल रोकने और शक्कर में वसूली का आरोप, दोषियों पर कार्रवाई व दुकान बदलने की मांग

सक्ती जिले के ग्राम पंचायत कांदानारा में संचालित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय को आवेदन देकर पूर्व सरपंच सुभद्रा पटेल तथा वर्तमान सरपंच कृष्णा पटेल पर राशन वितरण मे धांधली करने, सरकारी अनाज रोककर रखने तथा अतिरिक्त वसूली जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।

ग्रामीणों के अनुसार वर्ष 2020-21 के कोरोना काल में केंद्र सरकार द्वारा प्रत्येक राशन कार्डधारी को 5 किलो चावल निःशुल्क दिया जाना था, लेकिन ग्राम कांदानारा के हितग्राहियों को आज तक वह चावल नहीं मिला। ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच दंपति ने चावल वितरण का झूठा रिकॉर्ड बनाने के लिए उनसे अंगूठा लगवा लिया, जबकि वास्तविक रूप से अनाज नहीं दिया गया।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पीडीएस दुकान में शक्कर के लिए निर्धारित 17.20 रुपये प्रति किलो के स्थान पर 20 रुपये प्रति किलो वसूले जा रहे हैं। विरोध करने पर चिल्लर का बहाना बनाकर जबरन माचिस थमा दी जाती है। इसके अलावा, कई महीनों से चना वितरण भी बंद बताया जा रहा है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत आवेदन में मांग की है कि कोरोना काल का में रोका गया चावल वापस दिलाया जाए। शक्कर में अतिरिक्त वसूले गए रुपये लौटाए जाएं।कई महीनों से नहीं दिया गया चना प्रदान किया जाए। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए पीडीएस दुकान का संचालन तुरंत निलंबित किया जाए तथा किसी अन्य योग्य समूह को दुकान का जिम्मा सौंपा जाए।

यह शिकायत कलेक्टर कार्यालय से होते हुए जिला खाद्य अधिकारी, एसडीएम तथा बिलासपुर संभागीय खाद्य कार्यालय तक प्रेषित की गई है। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिलाएगा।

Related Articles

Back to top button