
सक्ती तहसीलदार लक्ष्मीकांत कोरी हटाए गए: अधिवक्ताओं के विरोध के बाद अड़भार ट्रांसफर, लीलाधर चंद्रा बने नए तहसीलदार
सक्ती जिले में जिला अधिवक्ता संघ के विरोध और मांग के बाद प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए सक्ती तहसीलदार लक्ष्मीकांत कोरी का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जारी आदेश के तहत लक्ष्मीकांत कोरी को अड़भार तहसील पदस्थ किया है। वहीं मालखरौदा तहसीलदार लीलाधर चंद्रा को सक्ती का नया तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को बिलासपुर संभाग के आयुक्त सुनील कुमार जैन के सक्ती प्रवास के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर सक्ती की एसडीएम कावेरी मरकाम और तहसीलदार लक्ष्मीकांत कोरी को हटाने की मांग की थी। अधिवक्ताओं ने राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक व्यवस्था और अन्य मुद्दों को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज कराते हुए ज्ञापन सौंपा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आयुक्त सुनील कुमार जैन ने कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद कलेक्टर ने तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण आदेश जारी कर लक्ष्मीकांत कोरी को अड़भार स्थानांतरित कर दिया। जारी आदेश के अनुसार, मालखरौदा तहसीलदार लीलाधर चंद्रा को सक्ती तहसील की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अड़भार तहसीलदार बिसाहिन चौहान को मालखरौदा तहसीलदार के पद पर पदस्थ किया गया है।
गौरतलब है कि जिला अधिवक्ता संघ ने इससे पहले 14 जुलाई 2026 को सामान्य सभा में लक्ष्मीकांत कोरी के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर उनके स्थानांतरण की मांग की थी। इसके बाद कलेक्टर और बाद में संभागायुक्त को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी। अब प्रशासन द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश को अधिवक्ताओं की मांग पर हुई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।