
SNN24 EXCLUSIVE: सक्ती में भू-माफियाओं का नया खेल उजागर, आधार कार्ड में जाति बदलकर आदिवासी जमीन की खरीद-फरोख्त, जांच हुई तो कई रसूखदारों पर गिर सकती है गाज
सक्ती जिले में भू-माफियाओं द्वारा आदिवासी जमीन की अवैध खरीद-फरोख्त का एक संगठित और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। भू-माफियाओं द्वारा आधार कार्ड में जाति परिवर्तन कर फर्जी तरीके से जमीन का सौदा किया जा रहा है। इस पूरे फर्जीवाड़े की जांच होने पर कई प्रभावशाली लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गाज गिर सकती है।
जानकारी के अनुसार, भू-माफिया आदिवासी जमीनों को हड़पने के लिए नया तरीका अपना रहे हैं। पहले फर्जी आधार कार्ड के जरिए व्यक्तियों को आदिवासी दर्शाकर जमीन खरीदी जाती है, इसके बाद उसी व्यक्ति की पहचान बदलकर उसे सामान्य वर्ग का दिखाया जाता है और जमीन को रसूखदार लोगों को बेच दिया जाता है। इस प्रक्रिया में सरकारी नियमों को दरकिनार कर प्रशासन की आंखों में धूल झोंकी जा रही है।

इस पूरे खेल में स्थानीय से लेकर उच्च स्तर तक के प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है, जिनकी मदद से यह नेटवर्क संचालित हो रहा है। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि इस फर्जीवाड़े में भोले-भाले आदिवासियों को मोहरा बनाया जा रहा है।
मामले में एक और गंभीर तथ्य यह सामने आया है कि जिन आदिवासियों के नाम पर जमीन खरीदी-बेची गई, उन्होंने बाद में कलेक्टर के समक्ष खुद को पुनः आदिवासी वर्ग में शामिल करने के लिए ज्ञापन सौंपा है, जिससे पूरे प्रकरण पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
SNN24 के पास इस फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेज मौजूद है, जिनसे आधार कार्ड में हेरफेर कर जमीन सौदों को अंजाम देने की पुष्टि होती है। प्रशासनिक स्तर पर यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच होती है, तो कई बड़े खुलासे होने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।