
साइंस कॉलेज मैदान में 15वीं मिनी राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता सम्पन्न: 15 जिलों के 150 तीरंदाजों ने दिखाई प्रतिभा, सक्ती के खिलाड़ियों ने फिर बढ़ाया जिले का मान
परमेश्वरी पब्लिक स्कूल सक्ती के तीरंदाजी कोच करन यादव के मार्गदर्शन में एक दिवसीय 15वीं मिनी राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन साइंस कॉलेज मैदान में किया गया। यह प्रतियोगिता महान धनुर्धर गुरु गोविन्द सिंह जी की स्मृति में आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश के 15 जिलों से लगभग 150 तीरंदाज, कोच एवं मैनेजर शामिल हुए।
प्रतियोगिता में सक्ती जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। परमेश्वरी पब्लिक स्कूल सक्ती के छात्र संजय पटेल ने अंडर-13 वर्ग में 318 अंक अर्जित कर चौथा स्थान प्राप्त किया। वहीं सक्ती की प्रतिभाशाली खिलाड़ी भूमिका बरेठ, जो आवासीय खेल अकादमी में चयनित हैं, ने अंडर-15 वर्ग में 300 अंक हासिल कर द्वितीय स्थान पर कब्जा जमाया।

कार्यक्रम में तीरंदाजी संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मुरारका ने विजेता खिलाड़ियों को टी-शर्ट एवं लोवर वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता में चयनित विजेता तीरंदाज आगामी राष्ट्रीय तीरंदाजी चैंपियनशिप, जो गुंटूर, आंध्र प्रदेश में 26 मार्च से 7 अप्रैल के बीच आयोजित होगी, उसमें भाग लेंगे।

कोच करन यादव ने कहा कि यदि प्रशासन से आर्थिक सहयोग प्राप्त हो जाए तो आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की जा सकती है, जिससे खिलाड़ियों का प्रदर्शन और बेहतर होगा तथा सक्ती जिला राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छू सकेगा।