
गिनती में गलती हुई तो प्रिंसिपल ने कर दी पिटाई: 7 साल के छात्र के आंख में उतरा खून, चेहरा सूजा; नशे में स्कूल आने के आरोप में DEO ने किया सस्पेंड
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र भागीरथी को गिनती गलत बोलने पर प्रधान पाठक उदय कुमार यादव ने बेरहमी से पीट दिया। लगातार थप्पड़ मारने से बच्चे की आंख में खून उतर आया और चेहरा सूज गया।
घर पहुंचकर रोते-बिलखते बच्चे ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने त्रिकुंडा थाने में शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। परिजनों का आरोप है कि प्रधान पाठक अक्सर शराब के नशे में स्कूल आते हैं और घटना वाले दिन भी नशे में थे।

पुलिस ने शुरू की जांच, टीचर सस्पेंड
त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। जांच में यह भी सत्यापित किया जाएगा कि घटना के दौरान शिक्षक नशे की हालत में थे या नहीं।
जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने जानकारी दी कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी को मौके पर भेजकर प्रारंभिक जांच कराई गई। आरोपी प्रधान पाठक उदय कुमार यादव को निलंबित कर दिया गया है।

स्कूल में 30-35 बच्चे पढ़ते हैं
ग्राम पंचायत पलगी स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में कक्षा 1 से 5 तक लगभग 30 से 35 बच्चे अध्ययनरत हैं। शुक्रवार दोपहर लंच के बाद मैथ की क्लास के दौरान गिनती सुनाने को कहने पर बच्चे से गलती होने पर शिक्षक भड़क गए और पिटाई कर दी।
गांव में आक्रोश, कड़ी कार्रवाई की मांग
घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने छोटे बच्चों पर हिंसा को अमानवीय बताते हुए आरोपी शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
