
सक्ती मे 9वीं के छात्र ने लगाई फांसी: एकलव्य आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव, परिजनों ने प्राचार्य पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, कार्रवाई की मांग
सक्ती जिले के पलाड़ी कला स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रावास में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। विद्यालय में कक्षा 9वीं के छात्र ने हॉस्टल के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, मृतक के परिजनों ने प्राचार्य पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए तत्काल निलंबन और आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा संचालित पलाड़ी कला एकलव्य आवासीय विद्यालय में कक्षा 9वीं का छात्र ओमेश कुमार कंवर निवासी ग्राम बासीन छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार को उसका शव हॉस्टल के शौचालय में फांसी के फंदे पर लटका मिला। जिसके बाद आनन फानन मे प्राचार्य और टीचर्स ने छात्र को नीचे उतारा और जिला हॉस्पिटल सक्ती मे भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतक के परिजनों का आरोप है कि छात्र प्राचार्य की कथित प्रताड़ना से मानसिक रूप से परेशान था। उनका कहना है कि कुछ दिनों पूर्व विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी जिला कलेक्टर से छात्रावास में व्याप्त अव्यवस्थाओं और कथित प्रताड़ना की शिकायत की थी, लेकिन इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने प्राचार्य को तत्काल निलंबित करने, उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों की भी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।