Advertisment
Sakti

जाजंग में संगीतमय रामायण रस गंगा का भव्य आयोजन: जिला पंचायत सदस्य राजा धर्मेंद्र सिंह हुए शामिल, ग्रामीणों ने गर्मजोशी से किया स्वागत, भक्तिमय माहौल में डूबा गांव

सक्ती जिले के शांति चौक जाजंग में चल रहे तीन दिवसीय रात्रिकालीन संगीतमय रामायण रस गंगा कार्यक्रम में मंगलवार की रात जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति राजा धर्मेंद्र सिंह विशेष रूप से शामिल हुए। उनके जाँजंग पहुंचने पर ग्रामीणों, नवदुर्गा महिला समिति और आयोजन समिति ने पारंपरिक तरीके से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।

राजा धर्मेंद्र सिंह ने मंच पर पहुंचकर भगवान श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में शांति, एकता और सकारात्मकता फैलाने का कार्य करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजनों से युवा और बच्चे अपनी परंपराओं से जुड़े रहते हैं। उन्होंने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जाँजंग जैसे गांवों में सांस्कृतिक धरोहरों को पुनर्जीवित करने की यह सराहनीय पहल है।

कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने रामायण के राम वनगमन, सीता हरण, सुंदरकांड सहित कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का संगीतमय और भावनात्मक मंचन किया। पारंपरिक संगीत और कलाकारों के भावपूर्ण अभिनय से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। दर्शक इन प्रस्तुतियों को देख भाव-विभोर हो गए।

इस दौरान राजा धर्मेंद्र सिंह ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने शांति चौक जाँजंग क्षेत्र में सड़क, पानी, स्वच्छता, शिक्षा और स्थानीय विकास के मुद्दों पर अधिकारियों को उचित निर्देश देने की बात कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए हर आवश्यक सुविधा सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा और वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे। भजन-कीर्तन, संगीतमय रामायण पाठ और भक्तिमय माहौल ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के तीसरे दिन होने वाली मानस परिवार, ओडिशा जेम्पुर की विशेष प्रस्तुति की जानकारी दी।

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि रतिराम सिदार, गौटिआ, हेमंत गबेल, जगदीश गबेल, रामसिंह सिदार, सुरेश गबेल, विनीत, पुष्पेंद्र चंद्रा, कमल राठौर, कोमल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button