Sakti

सक्ती में इंटरस्टेट नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़: 1.70 लाख रुपए की बरामदगी, 3 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती पुलिस और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय नकली नोट गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 1 लाख 70 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए है।

जानकारी के अनुसार, तेलंगाना राज्य के कामारेड्डी जिले में नकली नोट खपाते हुए आरोपी सिद्धा गौड़ को पकड़ा गया था। पूछताछ में सामने आया कि कोलकाता के सौरव डे, नारायण भगत और बिहार के रसीद अहमद द्वारा कंप्यूटर, कलर प्रिंटर और जे.के. एक्सेल बॉन्ड पेपर की मदद से नकली नोट तैयार कर फेसबुक के माध्यम से विभिन्न राज्यों मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में लोगों को जोड़कर नकली नोट खपाए जा रहे थे। तेलंगाना पुलिस ने इन तीनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि छत्तीसगढ़ के डभरा थाना क्षेत्र के दो व्यक्तियों नंदलाल जांगड़े और छतराम आदित्य को भी नकली नोट दिए गए थे। इस सूचना पर सक्ती पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश पर थाना डभरा और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने बताया कि उन्होंने बिहार के रसीद अहमद से 40 हजार रुपये में 2 लाख रुपये के नकली नोट खरीदे थे और इन्हें अपने रिश्तेदार मनहरण उर्फ सोहन लहरे को खपाने के लिए दे दिया था।

संयुक्त टीम ने मनहरण की तलाश की, जो सकुनत में नहीं मिलने पर रायगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया। पूछताछ में उसने बताया कि दिए गए 2 लाख में से 30 हजार रुपये वह पहले ही विभिन्न जगहों में खपा चुका है और 1 लाख 70 हजार रुपये नकली नोट उसने घर में छिपाकर रखे हैं। टीम ने उसके घर से नकली नोट जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूरे प्रकरण को आगे की कार्रवाई के लिए तेलंगाना पुलिस को विधिवत सौंप दिया गया है। तेलंगाना पुलिस द्वारा सभी आरोपियों का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर उन्हें तेलंगाना लेकर जाया गया।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना डभरा से निरीक्षक कमल किशोर महतो, सहायक उप निरीक्षक एच.एन. ताम्रकार, आरक्षक मिरीश साहू, एकेश्वर चन्द्रा, धनेश्वर दिवाकर तथा चौकी छपोरा से आरक्षक परमेश्वर मिरी का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button