Sakti

सक्ती में फर्जी आबकारी पुलिस का पर्दाफाश: छापेमारी के बहाने वसूली, खाकी वर्दी में पहुंचा था गिरोह, 4 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार; वर्दी, मोबाइल और बाइक जब्त

सक्ती जिले के ग्राम परसदा खुर्द में फर्जी आबकारी पुलिस बनकर ग्रामीणों से पैसों की वसूली करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के पास से पुलिस की खाकी वर्दी, तीन मोबाइल और दो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी गनपत लाल लहरे ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 23 नवंबर की रात उसकी बहन अमरिका बाई के घर में पांच युवक घुस गए थे। उन्होंने खुद को आबकारी पुलिस बताते हुए घर में तलाशी शुरू कर दी। घरवालों पर शराब बेचने और पिलाने का झूठा आरोप लगाकर उन्हें डराया-धमकाया गया और जेल भेजने की धमकी देकर 30 हजार रुपये की मांग की गई। आरोपियों में से एक खाकी वर्दी पहने था, जो मौके से भाग गया, जबकि चार लोगों को पड़ोसियों की मदद से पकड़ लिया गया।

पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपियों की पहचान नरेन्द्र गोस्वामी उर्फ दाउ, अजय गोस्वामी (दोनों निवासी सोठी, थाना बम्हनीडीह), रामनारायण धीवर (अफरीद), और लोकेश राठौर उर्फ ओम (सारागांव) के रूप में हुई है। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे अपने फरार साथी के साथ मिलकर फर्जी आबकारी पुलिस बनकर घर में दबिश देने और अवैध वसूली की योजना बनाकर आए थे। उन्होंने कार्रवाई से बचाने के नाम पर तीन हजार रुपये वसूल भी किए, जिसे उनका फरार साथी लेकर भाग गया।

आरोपियों के बताए अनुसार पुलिस ने घटना में उपयोग की गई खाकी वर्दी, तीन मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। सभी आरोपियों को धारा 308(2), 319(2), 318(4), 331(4), 204, 205, 112, 351(2), 3(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लखन लाल पटेल, सहायक उप निरीक्षक उपेंद्र यादव, सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमेन एवं आरक्षक राधेश्याम लहरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button