Sakti

घर में घुसकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार: रायगढ़ से पकड़ा गया, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

सक्ती जिले में घर के अंदर घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने रायगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र बरेठ (29 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 09, दर्रीपारा लवसरा, थाना बाराद्वार, जिला सक्ती के रूप में हुई है। आरोपी घटना के बाद तीन दिनों से फरार चल रहा था। मामला बाराद्वार थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, घटना 25 नवम्बर की रात की है, जब पीड़िता अपने बच्चे के साथ घर में सो रही थी। उसी दौरान आरोपी पुष्पेन्द्र बरेठ घर में घुस आया और पीड़िता का हाथ पकड़ने पर उसके चिल्लाने की कोशिश को दबाने के लिए मुंह बंद कर दिया। इसके बाद उसने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाकर दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद से उसकी लगातार पतासाजी की जा रही थी।

पुलिस को 28 नवम्बर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रायगढ़ में छिपा हुआ है। इस पर पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकूर (भापुसे) तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव (रापुसे) के दिशा-निर्देश पर टीम गठित की गई, जिसके बाद आरोपी को रायगढ़ से गिरफ़्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर संबंधित न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तारी की इस कार्रवाई में निरीक्षक नरेन्द्र यादव, प्रधान आरक्षक श्यामा जायसवाल, प्रधान आरक्षक मनीष राजपूत, प्रधान आरक्षक देवनारायण चंद्रा, आरक्षक योगेश राठौर, आरक्षक टकेश्वर कटकवार और आरक्षक दिल्साय सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button