Advertisment
Sakti

सक्ती में ट्रेन से कटकर युवक की मौत: फाटक के पास बाइक खड़ी कर गोंडवाना एक्सप्रेस के सामने आया, मामले की जांच कर रही पुलिस

सक्ती जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक घटना में 28 वर्षीय युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने रेलवे फाटक के पास अपनी बाइक खड़ी कर अचानक ट्रैक पर खड़े होकर सामने से आ रही गोंडवाना एक्सप्रेस के सामने छलांग लगा दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर पटरी पर गिर पड़ा और ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद ट्रेन चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को ट्रेन के नीचे से बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे निजी एंबुलेंस के माध्यम से तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत अत्यंत नाजुक बताते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया। हालांकि रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान ग्राम टेमर निवासी मुकेश पटेल (28 वर्ष) के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अभी तक युवक द्वारा यह आत्मघाती कदम उठाने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button