
इंदौर में हुए सक्ती के युवक की हत्या का हुआ खुलासा: लूट के इरादे से की गई थी निर्मम हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, 150 CCTV खंगालने के बाद SIT ने सुलझाया मामला
मध्यप्रदेश के इंदौर के MR-4 रोड, भागीरथपुरा पर हुए सक्ती के युवक के अंधे कत्ल का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 45 वर्षीय खोजीराम पिता लखनलाल नारंगे की लूट के उद्देश्य से धारदार हथियार से हत्या की गई थी। मृतक के शरीर पर 18 गंभीर घाव पाए गए थे। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 12 फरवरी 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि MR-4 रोड किनारे एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि गले पर गहरा घाव था और शरीर पर कई स्थानों पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। आसपास पूछताछ और पहचान के बाद मृतक की शिनाख्त खोजीराम नारंगे निवासी ग्राम देवरघाटा, जिला सक्ती (छत्तीसगढ़) के रूप में हुई, जो इंदौर में किराये से रहकर पोलोग्राउंड स्थित युग कलर लैब में कार्यरत थे। परिजनों की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 275/26 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच टीम गठित कर करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आर्यन उर्फ लड्डू और भरत नामक दो युवकों की पहचान की गई। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने बताया कि उन्होंने मृतक को रास्ते में रोककर लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर चाकुओं से अंधाधुंध वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद पर्स, नगदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए तथा मोबाइल की सिम निकालकर तोड़ दी।
गिरफ्तारी के बाद घटना स्थल पर पुनर्निर्माण के दौरान दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, जिससे वे रेलवे पटरियों के पास घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का पर्स, नगदी, मोबाइल, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और कपड़े बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार त्वरित तकनीकी जांच और समन्वित कार्रवाई के चलते कुछ ही दिनों में इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश कर लिया गया।