
सक्ती में होली से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1840 किलो महुआ लाहन और 139 लीटर शराब जब्त
सक्ती जिले मे होली पर्व से पूर्व जिले में अवैध शराब निर्माण और भंडारण के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत वार्ड क्रमांक 1 सक्ती और ग्राम मुक्तराजा (थाना बाराद्वार) में छापेमार कार्रवाई कर भारी मात्रा में महुआ लाहन और महुआ शराब जब्त की गई।
सक्ती के वार्ड नंबर 1 में 800 किलो महुआ लाहन जब्त
जानकारी के अनुसार, आबकारी टीम ने वार्ड क्रमांक 1 सक्ती में शासकीय भूमि और छोटी नहर के किनारे छिपाकर रखे गए लगभग 40 डिब्बों और बोरियों में भरे करीब 800 किलो महुआ लाहन तथा 4 लीटर महुआ शराब बरामद की। मौके पर लाहन का सैंपल लेकर विधिवत पंचनामा तैयार किया गया और उसे नष्ट किया गया।

मुक्तराजा में तालाब से निकला 1040 किलो लाहन
वही ग्राम मुक्तराजा में हजारों लीटर महुआ शराब बनाए जाने की तैयारी की सूचना पर आबकारी टीम ने दबिश दी। कार्रवाई के दौरान तालाब में छिपाकर रखी गई 52 बोरियां बरामद की गईं, जिनमें प्रत्येक बोरी में 20 किलो महुआ लाहन भरा था। कुल 1040 किलो महुआ लाहन तालाब से निकालकर सैंपल लेने के बाद मौके पर नष्ट किया गया। विभाग के अनुसार, उक्त लाहन से होली पर्व पर हजारों लीटर अवैध महुआ शराब बनाई जानी थी।
135 लीटर महुआ शराब भी बरामद
मुक्तराजा में ही शासकीय भूमि के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखे जरीकेन, प्लास्टिक की बोतलों और पन्नियों में कुल 135 लीटर महुआ शराब भी जब्त की गई। इन सभी मामलों मे आबकारी विभाग ने कुल 1840 किलो महुआ लाहन और 139 लीटर महुआ शराब बरामद किया है।

उपरोक्त कार्रवाई सहायक जिला अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में की गई। इस दौरान परिविक्षाधीन आबकारी उपनिरीक्षक रशिल श्रीवास्तव, मोंगरा पटेल, विष्णु कौशिक, भारती यादव एवं नगर सैनिकों का सराहनीय योगदान रहा।