
सक्ती में बुजुर्ग दंपत्ति की सिर कुचलकर हत्या: मौके पर पहुंचे एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम भी मौजूद, गांव में सनसनी; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
सक्ती जिले में मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी। बुधवार सुबह घटना का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है तथा पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना का पता उस समय चला जब सुबह पड़ोस की एक महिला किसी काम से दंपत्ति के घर पहुंची। घर के अंदर दोनों को मृत अवस्था में देखकर उसने तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मृतकों की पहचान पुरुषोत्तम खूंटे (70 वर्ष) और गोहारिन बाई (55 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अज्ञात आरोपियों ने दोनों की सिर कुचलकर हत्या की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी डॉ. भुवनेश्वरी पैंकरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और पुलिस हर एंगल से पड़ताल कर रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं आसपास की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।