Advertisment
Sakti

आबकारी विभाग की छोटे सीपत में दबिश: होटल संचालक के कब्जे से 15.29 लीटर अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

सक्ती जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी उड़नदस्ता टीम ने मालखरौदा विकासखंड के ग्राम छोटे सीपत में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक होटल संचालक के कब्जे से 15.29 लीटर देशी और विदेशी शराब बरामद की है। मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी नितिन शुक्ला के निर्देश पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम छोटे सीपत, थाना मालखरौदा निवासी बुदेश्वर प्रसाद सोनी पिता अर्जुन लाल सोनी अपने होटल में अवैध रूप से शराब बेच रहा है।

सूचना के आधार पर आबकारी उड़नदस्ता सक्ती की टीम ने आरोपी की गतिविधियों पर निगरानी रखी और योजनाबद्ध तरीके से उसके होटल सह मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान घर की रसोई में रखे एक सफेद कपड़े के थैले से विभिन्न ब्रांड की देशी और विदेशी शराब बरामद की गई।

जब्त शराब में 40 पाव देशी प्लेन शराब, 13 पाव ग्रीन लेबल, 7 पाव मेड ऑफ, 3 बोतल सिंबा वाइल्ड बीयर, 4 कैन थंडर बोल्ट बीयर तथा 3 पाव 20-20 व्हिस्की शामिल हैं। कुल मिलाकर 15.29 लीटर शराब बरामद की गई। आरोपी के कब्जे से अवैध रूप से शराब मिलने पर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम कर गिरफ्तार किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई आबकारी उड़नदस्ता सक्ती प्रभारी विजय तंबोली के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल और जैजैपुर प्रभारी आबकारी उपनिरीक्षक घनश्याम प्रधान के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आबकारी आरक्षक नवीन मनहर, बसंती चौधरी और कमलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button