Sakti

सक्ती मे शिक्षा विभाग में 3.80 करोड़ की खरीदी अनियमितता पर कार्रवाई: कलेक्टर ने वरिष्ठ लेखा परीक्षक रोशन कुमार पटेल को किया निलंबित, बिना निविदा खरीद और ई-मानक पोर्टल पर स्वयं की आईडी से फर्मों को लाभ पहुंचाने का आरोप

सक्ती जिले में जिला शिक्षा विभाग मे करोड़ों रुपये की सामग्री खरीदी में कथित अनियमितताओं के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पदस्थ वरिष्ठ लेखा परीक्षक (तत्कालीन सहायक ग्रेड-02) रोशन कुमार पटेल को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। प्रारंभिक जांच में उनके विरुद्ध की गई शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई।

आदेश के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष बाराद्वार, सक्ती, अड़भार, भोथिया, जैजैपुर, हसौद, मालखरौदा एवं चन्द्रपुर द्वारा रोशन कुमार पटेल के विरुद्ध शिकायत पत्र प्रस्तुत किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उन्होंने बिना निविदा प्रक्रिया अपनाए फर्जी तरीके से सामग्री खरीदी कराई तथा जिला शिक्षा अधिकारी के स्थान पर ई-मानक पोर्टल में अपनी स्वयं की आईडी का उपयोग कर संबंधित फर्मों को व्यक्तिगत लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से अपने हस्ताक्षर से क्रय आदेश जारी किए।

शिकायत के अनुसार, रोशन पटेल द्वारा चार अलग-अलग क्रय आदेश जारी किए गए। इनमें क्रय आदेश क्रमांक 321021200009 दिनांक 12 फरवरी 2021 के माध्यम से 1 करोड़ 47 लाख 62 हजार 418 रुपये, क्रय आदेश क्रमांक 322031700001 दिनांक 17 मार्च 2022 के माध्यम से 1 करोड़ 67 लाख 71 हजार 41 रुपये, क्रय आदेश क्रमांक 320103100050 दिनांक 31 अक्टूबर 2020 के माध्यम से 43 लाख 69 हजार 560 रुपये और क्रय आदेश क्रमांक 320033000001 दिनांक 30 मार्च 2020 के माध्यम से 21 लाख 56 हजार 420 रुपये 48 पैसे की सामग्री खरीदी गई। इन सभी आदेशों के माध्यम से कुल 3 करोड़ 80 लाख 59 हजार 439 रुपये 48 पैसे की खरीदी की गई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया कि जिले के सभी सेजेस विद्यालयों के लिए जिम उपकरण, रसायनिक उपकरण, मध्यान्ह भोजन के बर्तन सहित अन्य सामग्रियों का क्रय प्राचार्यों और विद्यालय स्तरीय क्रय समिति की बैठक में शामिल किए बिना मनमाने ढंग से किया गया। आरोप है कि नोटशीट पर दबाव बनाकर हस्ताक्षर कराए गए, संबंधित विद्यालयों से खरीदी गई सामग्री के संबंध में सहमति नहीं ली गई और सामग्री का क्रय सीधे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से कराते हुए भुगतान संबंधित विद्यालयों से कराया गया।

इसके अतिरिक्त शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि विद्यालयों को मरम्मत कार्य के लिए प्राप्त राशि में से 1 लाख 49 हजार रुपये की पुस्तकों की खरीदी कर उसका भुगतान कराया गया, जो निर्धारित उद्देश्य के विपरीत था।

जांच के दौरान उपरोक्त शिकायतें प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर कलेक्टर ने रोशन कुमार पटेल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय मालखरौदा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

इस संबंध मे भाजपा सक्ती नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार मे भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। भ्रष्टाचार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रारंभिक जांच मे दोषी पाए जाने पर रोशन पटेल को निलंबित किया गया है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों पर कठोर कार्यवाही होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button