Advertisment
Sakti

सक्ती मे शुष्क दिवस से पहले आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1000 किलो महुआ लाहन और 80 लीटर अवैध शराब जब्त

सक्ती जिले मे गुरु घासीदास जयंती के अवसर पर 18 दिसंबर को घोषित शुष्क दिवस से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर सक्ती के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सक्ती की टीम ने वार्ड नंबर-1 क्षेत्र में छापामार कार्रवाई कर भारी मात्रा में महुआ लाहन और तैयार शराब जब्त की है।

कार्रवाई के दौरान सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में टीम ने अवैध रूप से संग्रहित लगभग 50 बोरों में भरा 1000 किलो महुआ लाहन बरामद किया। बताया गया कि इस लाहन से हजारों लीटर महुआ शराब तैयार की जानी थी। मौके पर सैंपल लेकर पूरे लाहन को नष्ट किया गया।

इसके अलावा झाड़ियों में छुपाकर रखी गई 40 बोतल (प्रत्येक 2-2 लीटर) कुल 80 लीटर महुआ शराब भी जब्त की गई। आबकारी विभाग के अनुसार शुष्क दिवस के मद्देनज़र अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था।

आबकारी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में आबकारी आरक्षक संजीव भगत सहित अन्य स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा।

आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button