Sakti

सक्ती मे धान खरीदी में बड़ा फर्जीवाड़ा, कलेक्टर का सख्त एक्शन: 736 क्विंटल धान घोटाला, प्रभारी पर FIR के आदेश, अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय

सक्ती जिले में धान खरीदी को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने धान उपार्जन केंद्र सोनादुला में गंभीर अनियमितता पाए जाने पर कड़ा कदम उठाते हुए धान खरीदी प्रभारी हेमंत चन्द्रा के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही उन्हें धान खरीदी कार्य से तत्काल पृथक करने के आदेश भी दिए गए हैं।

मामले की जांच में सामने आया कि 15 जनवरी को 20 किसानों के नाम पर 736 क्विंटल धान का टोकन काटा गया, लेकिन संबंधित किसानों का धान उपार्जन केंद्र तक पहुंचा ही नहीं। इस गंभीर गड़बड़ी को प्रशासन ने धोखाधड़ी और नियमों का खुला उल्लंघन माना है।

कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आरोपी के विरुद्ध पुलिस थाना में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि जिले में धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही, गड़बड़ी या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी भी धान उपार्जन केंद्र पर अनियमितता पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में हड़कंप का माहौल है और निगरानी और कड़ी किए जाने की बात कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button